छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026 में शामिल हुए छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी

Chhattisgarh Taekwondo Association General Secretary Anil Dwivedi participated in Chhattisgarh Sports Conclave-2026

रायपुर, 28 जुलाई। खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर के कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026 में छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी ने सहभागिता कर राज्य में खेलों के समग्र विकास एवं खेल अधोसंरचना को सशक्त बनाने पर आयोजित महत्वपूर्ण विचार-विमर्श में भाग लिया।

कॉन्क्लेव में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, खेल प्रशासकों, प्रशिक्षकों, विशेषज्ञों एवं खिलाड़ियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान आयोजित सात विषयगत सत्रों में खेल अधोसंरचना के विकास, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार, प्रतिभा खोज एवं संवर्धन, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था, खेल विज्ञान एवं तकनीक का उपयोग, खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास तथा छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।

महासचिव अनिल द्विवेदी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित यह कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे खेल संघों, खिलाड़ियों और शासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा भविष्य की खेल नीतियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि इस कॉन्क्लेव में प्राप्त सुझावों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है, तो छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ताइक्वांडो सहित सभी खेलों के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, उत्कृष्ट अधोसंरचना और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह कॉन्क्लेव मील का पत्थर सिद्ध होगा। छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ भी राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए शासन के साथ सकारात्मक सहयोग करता रहेगा।