बिलासपुर 6 जुलाई 2026। शहर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने रविवार को बड़ा अभियान चलाया। चाकूबाजी, गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ एक साथ कई थाना क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की गई। इस दौरान 90 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जबकि 76 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस अभियान के दौरान 12 आदतन बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। पुलिस ने ऐसे अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की, जो लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद किए। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों, सार्वजनिक स्थानों और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान पुराने अपराधियों और निगरानी बदमाशों की भी सघन जांच की गई।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुंडागर्दी, चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। ऐसे तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की जाएगी।







