धमतरी में हेरोइन तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 21.51 ग्राम चिट्टा के साथ तीन गिरफ्तार; 3.65 लाख का मशरूका जब्त

Major crackdown on heroin smuggling in Dhamtari, three arrested with 21.51 grams of chitta; contraband worth Rs 3.65 lakh seized

धमतरी, 20 सितम्बर 2026। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत धमतरी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद पुलिस ने 21.51 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, नगदी, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन समेत कुल करीब 3.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार यह धमतरी जिले में हेरोइन के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल और एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कुरूद की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।

19 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:20 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड कुरूद के पास कुछ युवक हेरोइन (चिट्टा) लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से तीन संदिग्धों को पकड़ा और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन बरामद की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा (24), निवासी कलार पारा कुरूद, ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ (24), निवासी नयापारा धमतरी और सूरज रजक (29), निवासी नयापारा-बजरंग चौक धमतरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद 21.51 ग्राम हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 1.02 लाख रुपये बताई है। इसके अलावा 8 हजार रुपये नगद, दो मोटरसाइकिल जिनकी कीमत करीब 1.60 लाख रुपये और चार मोबाइल फोन जिनकी कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 3.65 लाख रुपये है।

मामले में थाना कुरूद पुलिस ने अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में हेरोइन के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

धमतरी पुलिस के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध कारोबार के खिलाफ “ऑपरेशन निश्चय” के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।