कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा बेचते और नशा करते दो गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन बाज’ में 5 वारंटी भी दबोचे गए

Korba Police take major action: Two arrested for selling marijuana and consuming drugs, 5 warrants also nabbed in 'Operation Baaz'

कोरबा। जिले में अवैध नशीली दवाओं और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा तस्कर और नशा करने वाले युवक सहित ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत 5 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अटल आवास में पुड़िया बनाकर बेच रहा था गांजा
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि राताखार अटल आवास निवासी राजू केसरी (25 वर्ष), पिता भीम बहादुर केसरी, अपने घर के पास अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों धर दबोचा। गवाहों के समक्ष तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 305 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 830/2026, धारा 20(बी)(ii)(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

नर्सरी मोहल्ला में नशा करते पकड़ाया युवक
इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने पानी टंकी नर्सरी मोहल्ला निवासी शंकर दास (22 वर्ष), पिता स्व. रामकुमार को सार्वजनिक स्थान पर नशा करते हुए पकड़ा। आरोपी के पास से सेवन के लिए रखा 5 ग्राम गांजा जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है।

‘ऑपरेशन बाज’ के तहत 5 वारंटी गिरफ्तार
कोरबा जिले में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने और पेंडिंग मामलों के आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे 5 वारंटियों को भी गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ कोर्ट के आदेशानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।