हुंकरा में चौहान समाज जनशक्ति संगठन का विस्तार: संस्थापक जंत लाल टांडिया बने अध्यक्ष, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ

Expansion of Chauhan Samaj Janshakti Organization in Hunkra: Founder Jant Lal Tandiya became president, newly appointed office bearers took oath

कोरबा /कटघोरा (हुंकरा), 10 अक्टूबर [2026]: कटघोरा क्षेत्र के ग्राम हुंकरा में चौहान समाज जनशक्ति संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। अशोक सागर के निवास पर आयोजित इस बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन कर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को समाज सेवा और संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान पहली बार स्थानीय सामाजिक माताओं, बहनों और युवाओं ने भारी संख्या में उपस्थित होकर अपनी एकजुटता दिखाई।

धार्मिक अनुष्ठान से हुआ शुभारंभ
बैठक का प्रारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। उपस्थित जनों ने सर्वप्रथम भगवान श्री गणेश, मां सरस्वती एवं मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद समाज की निरंतर उन्नति, आपसी सद्भाव और एकजुटता के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।

जंत लाल टांडिया को कमान, नई कार्यकारिणी घोषित
बैठक में सर्वसम्मति से संगठन के संस्थापक श्री जंत लाल टांडिया (जवाली) को अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही समाज को नई दिशा देने के लिए ऊर्जावान कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें निम्नलिखित नियुक्तियां की गईं:

  • महासचिव एवं मीडिया प्रभारी: श्री दिनेश टांडिया (छुरी)
  • उपाध्यक्ष: श्री रितेश्वर चौहान (रामपुर)
  • कोषाध्यक्ष: श्री अशोक सागर (हुंकरा)
  • सहकोषाध्यक्ष: श्री त्रिदेव चौहान (बरबसपुर)
  • सचिव: श्री रामकुमार (देवगांव)
  • कार्यकारिणी सदस्य: रितेश टांडिया (कोलिहामुड़ा), शिवचरण चौहान (रेनपुर), राहुल कुमार (रंगोले), विश्वनाथ चौहान (मलदा), पृथ्वी चौहान (धनरास) एवं परदेशी टांडिया (रंगोले)।

भीड़ नहीं, सोच बदलना हमारा मकसद: अध्यक्ष
मनोयन के बाद अपने ओजस्वी उद्बोधन में नवनियुक्त अध्यक्ष श्री जंत लाल टांडिया ने कहा, “भीड़ खड़ा करना हमारा मकसद नहीं है, बल्कि हर इंसान की सूरत और सोच बदलनी चाहिए। जो क्रांति की आग हमारे सीने में लगी है, वह समाज के हर व्यक्ति में लगनी चाहिए। हमारा यह संगठन उन सभी सगा भाइयों के लिए परिवार की तरह संबल बनेगा, जिन्हें समाज ने अब तक नजरअंदाज किया है।”

नशामुक्त और शिक्षित समाज बनाने का संकल्प
महासचिव दिनेश टांडिया ने क्षेत्र के सभी सगा भाइयों से संगठन से जुड़ने की भावुक अपील की। उन्होंने समाज को कुरीतियों से दूर करने, शत-प्रतिशत शिक्षित बनाने और नशामुक्त करने का आह्वान किया। बैठक के समापन पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एक सुर में एकजुट होकर समाज हित में कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।