कांकेर नकली नोट छाप कर बाजार में खपाने की थी तैयारी, पुलिस ने 13 लाख से अधिक के नोटों के साथ युवक को किया गिरफ्तार

Kanker: Police arrested a youth with fake currency worth over Rs 13 lakh after he was planning to print and circulate it in the market.

कांकेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में नकली नोट छापने वाले एक युवक को आज गिरफ्तार किया गया है। युवक नकली नोटों को बाजार में खपाने की फिराक में था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा

पुलिस ने आरोपी युगल नाग के पास से 2 हजार से भी अधिक नकली नोट बरामद किए हैं। इसके साथ ही नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से एक महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि युगल नाग (29 वर्ष, निवासी कोदाभाट, कांकेर) अपने पास नकली नोट रखकर उन्हें असली के रूप में चलाने और बेचने की फिराक में है। पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की। टीम को आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी और गहन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 500 रुपये के कुल 1308 नकली नोट मिले। इनकी कीमत 6 लाख 54 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त, 500 रुपये के 1100 नकली नोट भी बरामद हुए, जिनकी कीमत 5 लाख 50 हजार रुपये है। ए-4 साइज के 42 पेपर में भी 500 रुपये के नकली नोट छपे हुए थे। प्रत्येक पेपर में चार नोट थे, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 4 हजार रुपये है।

पुलिस ने सिक्योरिटी थ्रेड प्रिंट किए हुए ए-4 साइज के 81 पेज भी जब्त किए हैं। इसके साथ ही आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। आरोपी युगल नाग के खिलाफ थाना कांकेर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 178, 179 और 180 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।