लक्ष्मी डेयरी में सांभर में मिला कीड़ा: शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे दर्री नायब तहसीलदार, की बड़ी कार्रवाई

Insect found in sambar at Lakshmi Dairy: Darri Naib Tehsildar reached the spot after complaint, took major action

शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे दर्री नायब तहसीलदार, एवं दर्री थाना प्रभारी की बड़ी कार्रवाई

NTPC गेट के पास स्थित नामी प्रतिष्ठान में सेहत से खिलवाड़; साउथ इंडियन नाश्ते में केटरपिलर देख भड़के ग्राहक,

कोरबा (जमनीपाली)। कटघोरा मार्ग पर जमनीपाली के सरदार वल्लभ भाई पटेल नगर (NTPC गेट के पास) स्थित प्रसिद्ध मिठाई और फास्ट फूड दुकान ‘लक्ष्मी डेयरी एंड क्रीमरी‘ में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को ताक पर रखने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ नाश्ता करने पहुंचे ग्राहकों के होश उस वक्त उड़ गए, जब उन्हें परोसे गए सांभर की कटोरी में एक मरा हुआ कीड़ा (केटरपिलर) तैरता हुआ दिखाई दिया। इस घटना के बाद दुकान में मौजूद अन्य ग्राहकों में भी हड़कंप मच गया और उन्होंने भोजन की गुणवत्ता पर भारी नाराजगी जताई।

थाली में कीड़ा देखते ही उड़ा स्वाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कुछ नागरिक सुबह नाश्ते के लिए लक्ष्मी डेयरी पहुंचे थे। उन्होंने जैसे ही इडली-डोसे के साथ परोसे गए सांभर का सेवन शुरू किया, उन्हें उसमें मरा हुआ कीड़ा नजर आया। ग्राहकों ने तत्काल इसकी शिकायत काउंटर पर मौजूद स्टाफ से की, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब मिलने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया गया। इससे आक्रोशित होकर ग्राहकों ने मौके पर ही घटना का वीडियो बना लिया,

साफ-सफाई को लेकर उठ रहे बड़े सवाल
जमनीपाली की इस प्रमुख दुकान में रोजाना सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग, बच्चे और राहगीर मिठाइयाँ, डेयरी उत्पाद और फास्ट फूड खाने पहुंचते हैं। सांभर जैसी रोज बनने वाली खाद्य सामग्री में इतना बड़ा कीड़ा मिलना यह साफ दर्शाता है कि रसोई (किचन) में साफ-सफाई का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कच्ची सब्जियों को बिना धोए इस्तेमाल करने या ढंककर न रखने की वजह से ऐसी जानलेवा लापरवाही सामने आ रही है।

शिकायत मिलते ही पहुंचे दर्री नायब तहसीलदार, मचा हड़कंप
सांभर में कीड़ा मिलने और प्रबंधन की लापरवाही की शिकायत मिलते ही प्रशासनिक अमला पूरी तरह एक्शन में आ गया। दर्री क्षेत्र के नायब तहसीलदार ने  तत्काल लक्ष्मी डेयरी पर दबिश दी। अधिकारियों के अचानक दुकान में पहुंचते ही संचालक और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। टीम ने सीधे दुकान के भीतर और किचन (रसोई) का सघन निरीक्षण किया, जहाँ साफ-सफाई को लेकर भारी खामियां पाई गईं।

खाद्य सामग्रियों के लिए गए सैंपल, कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची जांच टीम ने मौके पर स्वच्छता मानकों का सरेआम उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। अधिकारियों के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकान में मौजूद सांभर, डोसा बैटर और अन्य डेयरी उत्पादों के सैंपल जब्त किए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला (लैब) जांच के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनहाइजीनिक तत्व पाए जाने पर भारी जुर्माना लगाने की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जनता की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: प्रशासन
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र के सभी होटल और डेयरी संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि आम जनता के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दर्री नायब तहसीलदार द्वारा की गई इस त्वरित और बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई से सजग नागरिकों ने राहत महसूस की है और उम्मीद जताई है कि ऐसी सख्ती से लापरवाह होटल संचालकों पर लगाम लगेगी।