बिलासपुर / ग्राम बोड़सरा में पुरानी रंजिश को लेकर एक ग्रामीण को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने और हाथ में चाकू लेकर दौड़ाने वाले आरोपी को हिर्री पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोड़सरा निवासी संतोष कुमार मरावी (48 वर्ष) का पीड़ित के साथ पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को लेकर 20 अक्टूबर की शाम करीब 6:00 बजे रामफल कौशिक के घर के पास आरोपी ने पीड़ित से गंदी-गंदी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू लेकर हमला करने के लिए दौड़ाया। पीड़ित की शिकायत पर हिर्री थाने में अपराध क्रमांक 338/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित घेराबंदी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और सीएसपी (चकरभाठा) राजेश जोशी के दिशा-निर्देश पर हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम तैयार की गई। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी की तलाश की और घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 23 अक्टूबर को उसे विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, पीएसआई उषा निषाद, सउनि राजकुमार, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र राजपूत और आरक्षक जितेंद्र कुमार जगत की विशेष और उल्लेखनीय भूमिका रही।







