धमतरी 28 जून 2026। धमतरी जिले में हत्या की वारदात सामने आई है। नगरी-गरियाबंद मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने एक मछली कारोबारी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। हमलावरों ने कारोबारी पर 40 से अधिक बार चाकू से हमला किया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान विपलभ मंडल के रूप में हुई है। वह मछली कारोबार से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि वारदात के समय वह अपने साथी के साथ मौजूद था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने विपलभ मंडल के साथी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद आरोपियों ने विपलभ मंडल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए।
इस घटना में मछली कारोेबारी की मौके पर ही मौत हो गयी। उधर इस घटना की सूचना मिलते ही नगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।







