दंतेवाड़ा, एजेंसी। दंतेवाड़ा पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के छिपाए गए हथियार, विस्फोटक, कैश और सोने का डंप बरामद किया है। नक्सलियों ने जंगल-पहाड़ में हथियार छिपाकर रखा था। जिसे सरेंडर्ड नक्सलियों के बताए अनुसार मौके पर पहुंचे जवानों ने बरामद कर लिया है। मामला बारसूर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, नक्सलियों की निशानदेही पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन में 116 ग्राम सोना, 2 लाख रुपए कैश समेत करीब 18 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई है। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भी मिले हैं।
दंतेवाड़ा जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों की टीम ने बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के जंगलों में सर्चिग अभियान चलाया। अभियान के दौरान माओवादियों के जमीन के भीतर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए कई डंप का पता चला।
तलाशी में सुरक्षा बलों ने 116 ग्राम सोने का बिस्किट जिसकी कीमत लगभग 16 लाख रुपए है और 2 लाख रुपए नगद बरामद किए। सर्चिग के दौरान एक इंसास राइफल, 16 इंसास मैग्जीन, चार AK-47 मैग्जीन, 68 AK-47 राउंड, 23 SLR मैग्जीन और 34 SLR राउंड जब्त किए गए।
इसके अलावा पांच 12 बोर बंदूकें, सात कारतूस, तीन BGL लॉन्चर, एक BGL सेल, दो कार्बाइन मैग्जीन, 303 राउंड और 303 चार्जर भी बरामद हुए। टीम को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली। इसमें 6 टिफिन बम, चार पाइप बम, 122 तीर बम, एक पैरा बम, दो देशी हैंड ग्रेनेड, दो देशी मोर्टार, डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, जिलेटिन और 14 कुकर शामिल हैं।
इसके अलावा भरमार बंदूकें, रिवॉल्वर, एयरगन, वर्दी का कपड़ा, दवाइयां, नक्सली पर्चे-पंपलेट और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री आत्मसमर्पित नक्सलियों की सटीक जानकारी के आधार पर मिली है।
दंतेवाड़ा SP गौरव राय ने कहा कि, इस कार्रवाई से माओवादियों की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की संभावित साजिश भी नाकाम हुई है







