छत्तीसगढ़ में लू का अलर्ट : मौसम विभाग ने दी हिट वेब की चेतावनी, इन जिलों में भीषण गर्मी की भविष्यवाणी

Chhattisgarh heatwave alert: Meteorological Department issues heatwave warning, predicts intense heat in these districts

रायपुर 16 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने खासतौर पर मध्य छत्तीसगढ़ के कई संभागों में लू (हीट वेव) को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 16 से 19 अप्रैल के बीच बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग में लू चलने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक रह सकता है और तेज गर्म हवाएं लोगों को झुलसाने का काम करेंगी। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटों के मौसम आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं आने वाले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और इजाफा होने की संभावना जताई गई है। वर्तमान में कई इलाकों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो इस मौसम के लिहाज से काफी अधिक माना जा रहा है।

सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं दूसरी ओर अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19°C रिकॉर्ड किया गया, जो अपेक्षाकृत ठंडा रहा। हालांकि दिन के समय यहां भी गर्मी का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है।