उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ लोकआस्था के महापर्व छठ का समापन, व्रतियों ने खोला 36 घंटे का निर्जला उपवास

Chhath, the great festival of folk faith, concludes with offerings to the rising sun; devotees break their 36-hour fast.

बांकी मोंगरा की सुमेधा नदी तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, भव्य गंगा आरती से भक्तिमय हुआ वातावरण

कोरबा/ लोकआस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण माहौल में हो गया। बांकी मोंगरा क्षेत्र स्थित सुमेधा नदी के तट पर सोमवार की सुबह बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं ने एकत्र होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही व्रतियों ने अपना 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास खोला।

भव्य गंगा आरती रहा मुख्य आकर्षण
छठ महापर्व के समापन अवसर पर सुमेधा नदी घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। सैकड़ों दीपों की रोशनी, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा नदी तट गुंजायमान हो उठा। गंगा आरती के दौरान घाट पर अद्भुत आध्यात्मिक नजारा देखने को मिला, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

पारंपरिक रीति-रिवाज से हुआ पारण
नहाय-खाय और खरना के बाद से चल रहे 36 घंटे के निर्जला व्रत के अंतिम चरण में व्रती तड़के ही पूजा की सामग्री और सूप-दउरा लेकर नदी घाट पहुंच गए थे। सूर्योदय की पहली किरण के साथ जल में खड़े होकर व्रतियों ने दूध और जल से अर्घ्य दिया। पूजा-अर्चना और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। घाट पर स्थानीय समितियों द्वारा प्रकाश और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई थी।