जांजगीर-चांपा में मवेशी तस्करी का भंडाफोड़: 5 आरोपी गिरफ्तार, 15 भैंस व 3 पिकअप वाहन जब्त

Cattle smuggling racket busted in Janjgir-Champa: 5 accused arrested, 15 buffaloes and 3 pickup vehicles seized

जांजगीर-चांपा, 03 मई 2026। जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 नग भैंस, जिनकी अनुमानित कीमत 2.25 लाख रुपए है, तथा तस्करी में प्रयुक्त 3 पिकअप वाहन, जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई जा रही है, जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 मई 2026 की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि तीन पिकअप वाहनों में मवेशियों को अवैध रूप से ओडिशा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए शिवरीनारायण पुलिस ने राघव इन होटल के सामने मेन रोड पर घेराबंदी कर पिकअप वाहनों को रोका।

जांच के दौरान पाया गया कि प्रत्येक पिकअप में 5-5 भैंसों को ठूंस-ठूंस कर और रस्सियों से बांधकर क्रूरता पूर्वक ले जाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश ऐडजा (26 वर्ष), राजेश मांझी (26 वर्ष), निरंजन कोलारी (25 वर्ष), रूपेश कुमार (20 वर्ष) और प्रकाश राणा (32 वर्ष) शामिल हैं, जो ओडिशा के बरगढ़ जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।