भाजपा महिला मोर्चा ने रचा राष्ट्रभक्ति का नया अध्याय, 30 हजार से अधिक राखियों से वीर सैनिकों को दिया सम्मान

BJP Mahila Morcha sets new chapter in patriotism, honours brave soldiers with over 30,000 Rakhis

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में हुआ ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04’ का भव्य आयोजन

कोरबा। मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से भाजपा महिला मोर्चा द्वारा “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04” का भव्य आयोजन किया गया। दशहरा मैदान, फेस–01, आर.पी. नगर, कोरबा में आयोजित इस कार्यक्रम में बहनों ने पूर्व सैनिक संगठन को रक्षा सूत्र भेंट कर सैनिकों के प्रति सम्मान और भाईचारे का संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान 30 हजार से अधिक राखियों का संग्रह किया गया। इन राखियों को पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह राणा को सौंपते हुए उन्हें मां सर्वमंगला जी की पावन धरती का तिलक भी प्रदान किया गया। यह अवसर राष्ट्रभक्ति, त्याग और सैनिक सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।
यह आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, जिला संयोजिका सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अंजना सिंह सहित भाजपा महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं पर वीर सैनिक दिन-रात राष्ट्र की सुरक्षा में डटे रहते हैं। उनके त्याग और बलिदान के प्रति सम्मान प्रकट करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। बहनों द्वारा भेजी गई राखियां सैनिकों के प्रति प्रेम, सम्मान और विश्वास का प्रतीक हैं। 30 हजार से अधिक राखियों का यह संग्रह केवल एक संख्या नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के प्रति कोरबा की बहनों के अटूट स्नेह, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का भावपूर्ण संदेश है।