पत्नी के मायके जाने से नाराज पति 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा ,बोला- घर आएगी तभी नीचे आऊंगा…

Angry with his wife for going to her parents' house, the husband climbed a 150-foot tower and said, "I will come down only when she comes home."

कोरबा जिले में पत्नी के मायके जाने से नाराज पति 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और सुसाइड करने की धमकी देता रहा। करीब ढाई घंटे तक पति का हाईवोल्टेज ड्रामा चला। पत्नी के घर लौटने की हामी भरने के बाद ही वह नीचे उतरा।

मामला उरगा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पति का नाम मुकेश सांडे (34) है, जो कि पत्नी के साथ ग्राम करमंदी में रहता है। पत्नी का आरोप है कि पति शराब पीकर मारपीट करता था, जिससे तंग आकर वह मायके बुंदेली चली गई थी।

दरअसल, मुकेश मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी है। दो-तीन पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी, मुकेश ने उसे मनाने की कई कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। इससे परेशान होकर सोमवार शाम करीब 5 बजे मुकेश नशे की हालत में हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया।

उसे चढ़ते देख ग्रामीणों ने आवाज लगाकर नीचे उतरने को कहा, लेकिन ग्रामीणों की एक न सुनी। टावर के टॉप पर बैठकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसने शर्त रखी कि अगर पत्नी घर लौटने को तैयार होगी, तभी वह नीचे आएगा, वरना करंट वाले तार को छूकर जान दे देगा।

ग्रामीणों फौरन मामले की सूचना पुलिस की दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ऊंचाई ज्यादा होने के कारण मुकेश तक आवाज नहीं पहुंच पा रही थी, इसलिए पुलिस ने मोबाइल पर उससे कॉन्टैक्ट किया।

मुकेश बात करने को तैयार नहीं था और बार-बार तार छूने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने भीड़ को हटाकर मुकेश से बात की। उसने दोहराया कि पत्नी के घर आने पर ही वह नीचे उतरेगा, जिसके बाद थाना प्रभारी ने मुकेश की पत्नी से बात की।

पत्नी ने विवाद न करने की शर्त पर घर लौटने की हामी भर दी। इसके बाद पुलिस ने मुकेश तो समझाया, फिर वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरा। पुलिस ने मुकेश को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया, क्योंकि उसकी सांसें फूल गई थीं। दो बोतल पानी पीने के बाद उसे कुछ राहत मिली।

उसने अपने मुंह में गुड़ाखू दबा रखा था, जिससे उसकी हालत और बिगड़ रही थी। फिलहाल मुकेश की स्थिति अभी सामान्य है। मामले में थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि युवक पत्नी के मायके जाने से टावर पर चढ़ा था, समझाइश के बाद नीचे उतर गया।