रायपुर के स्कूल परिसर में पानी की बोतल पर हुआ विवाद, दिनदहाड़े 11वीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला

A dispute over a water bottle broke out on the school campus in Raipur, leading to a fatal knife attack on an 11th-grade student in broad daylight.

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित फुंडहर हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में सोमवार को 11वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद कुछ छात्रों ने स्कूल परिसर में ही छात्र को घेर लिया और गले पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। छात्र ने बचाव किया तो चाकू उसकी बाईं जांघ में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपितों समेत अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्र के साथी की शिकायत पर तेलीबांधा थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में दो नामजद एवं अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 तथा 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।क

एफआईआर के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3.15 बजे कक्षा के दौरान एक छात्र ने पानी की बोतल फेंकी। दूसरे छात्र ने बोतल फेंकने का कारण पूछा तो उसे बाहर आने की धमकी दी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब पीड़ित और उसका साथ्गी स्कूल परिसर के पार्किंग क्षेत्र में पहुंचा तो वहां आरोपित अपने साथियों के साथ मौजूद था।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित को घेरकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने कथित रूप से चाकू निकालकर “आज तुझे जान से खत्म कर दूंगा” कहते हुए उसके गले पर लगातार वार करने की कोशिश की। पीड़ित ने बचाव किया तो चाकू उसकी बाईं जांघ में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी के साथ भी आरोपितों ने धक्का-मुक्की की।

घटना की सूचना मिलने पर घायल छात्र के भाई गोपी यादव मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) ले जाकर भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद शाहिद पटेल ने तेलीबांधा थाना पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।

दिनदहाड़े स्कूल परिसर में छात्रों के बीच चाकूबाजी की घटना ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपित छात्रों की भूमिका, घटना के कारण तथा वारदात में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।