फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला की अश्लील फोटो वायरल करने वाला श्रवण-बधिर आरोपी गिरफ्तार, यूट्यूब से सीखा था इंस्टाग्राम चलाना

A deaf and dumb man arrested for creating a fake Instagram ID and making obscene photos of a woman viral; he had learned to use Instagram from YouTube.

जांजगीर-चांपा, 13 जुलाई 2026/ जांजगीर-चांपा जिले की बलौदा पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल करने वाले एक श्रवण-बधिर युवक को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी ने महिला के नाम से नकली इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसकी तस्वीरों को एडिट किया और उन्हें अश्लील रूप देकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी तस्वीरों को अश्लील तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। शिकायत मिलते ही थाना बलौदा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। साइबर तकनीक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी सुखसागर कुर्रे (24 वर्ष), निवासी हरदीविशाल, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा श्रवण-बधिर है।

आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस ने श्रवण-बधिर विशेषज्ञ की सहायता ली। सांकेतिक भाषा के माध्यम से हुई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यूट्यूब देखकर इंस्टाग्राम चलाना सीखा था। इसके बाद उसने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया, उसकी तस्वीरों को एडिट कर अश्लील फोटो तैयार किए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा तथा एएसआई रामदुलार साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर बदनाम करने और अश्लील सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।