बांकीमोंगरा पुलिस की कार्रवाई; एक आरोपी पूर्व में हो चुका है गिरफ्तार, लूटा गया 1.11 लाख का माल पहले ही बरामद
कोरबा/बांकीमोंगरा। ट्रेलर वाहनों से बैटरी और अन्य उपकरण लूटने के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को बांकीमोंगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कटघोरा के वार्ड नंबर 7, सुराबहार शिकारी मोहल्ला निवासी सहमत खान उर्फ शहमद उर्फ राजा खान (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
मामला 12 अक्टूबर 2026 का है। प्रार्थी वेद प्रकाश सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रामबाबू कैंप, सुराकछार के पास खड़े दो ट्रेलरों (क्र. CG 04 HB 5231 और CG 12 S 1698) के मुंशी विकास यादव को तलवार से डरा-धमकाकर अज्ञात आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ट्रेलर के केबिन से दो बैटरी, जैक और व्हील पाना लूट ले गए थे, जबकि मुंशी के शोर मचाने पर दोनों वाहनों के चार टायर मौके पर ही छोड़कर भाग निकले थे। कुल 1,11,700 रुपये के सामान की लूट हुई थी।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पूर्व में सरगुजा के उदयपुर निवासी मुख्य आरोपी नजीर अली (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया जा चुका है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार (CG 04 PC 9142), एक धारदार तलवार और लूटा गया पूरा मशरूका बरामद कर उसे जेल भेजा था।
घटना के बाद से फरार चल रहे दूसरे आरोपी सहमत उर्फ राजा खान को पुलिस ने रविवार (29 नवंबर) को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में बांकीमोंगरा थाना प्रभारी निरीक्षक राम कुमार साव, सउनि नंदलाल टंडन तथा आरक्षक हरीश मरावी, मुकेश यादव व दिलेर मनहर की सराहनीय भूमिका रही।







