0 लालघाट में कराई जा रही थी नाबालिग की शादी, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पत्रकारों से मिली सूचना पर बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने दिखाई तत्परता
कोरबा। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर कोरबा जिले में बाल विवाह का एक मामला सामने आया, जहां पुलिस और चाइल्डलाइन की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका का विवाह रुकवा दिया। बालको थाना क्षेत्र के लालघाट में आधी रात को की जा रही शादी की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और महज 25 मिनट के भीतर विवाह रुकवाने में सफलता हासिल की।
मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर की रात लालघाट क्षेत्र के एक घर में नाबालिग बालिका का विवाह कराया जा रहा था। इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और स्थानीय पत्रकारों के माध्यम से छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा तक पहुंची। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही चाइल्डलाइन की सेक्टर सुपरवाइजर और पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हुई और बिना देरी किए विवाह स्थल पर पहुंच गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए नाबालिग का विवाह रुकवा दिया।
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह रही कि शिकायत मिलने के महज 25 मिनट के भीतर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी कर ली। आधी रात को हुई इस त्वरित कार्रवाई से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए पुलिस, चाइल्डलाइन और बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सक्रियता सामने आई है।
बाल विवाह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी जा सकती है, ताकि समय रहते बाल विवाह को रोका जा सके।







