9 वर्षीय बालिका से लैंगिक अपराध व प्रताड़ना का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

Man accused of sexually assaulting and harassing a 9-year-old girl arrested within 24 hours


सिविल लाइन रामपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई; पॉक्सो एक्ट व बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर भेजा गया जेल

कोरबा । सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 9 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ लैंगिक अपराध और प्रताड़ना करने वाले आरोपी को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अटल आवास खरमोरा (वार्ड क्रमांक 23) निवासी संतोष दास महंत (36 वर्ष) ने उसकी 9 वर्षीय पुत्री के साथ लैंगिक अपराध और प्रताड़ना की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 991/2026 के तहत आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 296, 115(2), 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 8, 10 एवं किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मेडिकल जांच और साक्ष्य संकलन के बाद गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता और उसकी मां के बयान दर्ज किए तथा शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। वहीं, सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट की टीम ने घटनास्थल अटल आवास खरमोरा का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। गवाहों के बयान और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 25 नवंबर 2026 को आरोपी संतोष दास महंत (पिता पिताम्बर दास महंत) को गिरफ्तार कर लिया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध, शोषण या प्रताड़ना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ित बच्चों की पहचान व गोपनीयता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।