बिलासपुर पुलिस की तत्परता से व्यापारी के गुम हुए ₹3 लाख सुरक्षित बरामद

Bilaspur police promptly recovered ₹3 lakh lost by a businessman.

बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और आईटीएमएस (ITMS) की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यापारी के गुम हुए 3 लाख रुपये नगद को सुरक्षित बरामद कर उनके सुपुर्द किया है।

मामले का संक्षिप्त विवरण:
आज दिनांक 23.11.2026 को प्रातः लगभग 11:00 बजे प्रार्थी नरेन्द्र छुगानी (निवासी- पुराना हाईकोर्ट के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर) ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे व्यापार विहार एवं तिफरा मंडी में ‘दीपक आलू भंडार’ के नाम से दुकान संचालित करते हैं। आज सुबह 9:00 बजे वे अपने घर से एक्टिवा वाहन से दुकान जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान टिकरापारा स्थित मामा-भांजा तालाब के पास उनकी एक्टिवा में रखा बैग रास्ते में गिर गया, जिसमें लगभग 3,00,000 रुपये (तीन लाख रुपये) नगद रखे थे।

पुलिस की कार्रवाई एवं बरामदगी:
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया। उनके निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आईटीएमएस (ITMS) बिल्डिंग और शहर के विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक मोटरसाइकिल चालक रास्ते में गिरे हुए बैग को उठाकर एक ऑटो चालक को देते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने तुरंत ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरटीओ (RTO) कार्यालय से जानकारी जुटाई और ऑटो चालक की पहचान कर उसे थाने तलब किया।

पूछताछ करने पर ऑटो चालक ने बताया कि बैग रास्ते में गिरा हुआ मिला था, जिसे उसने सुरक्षित अपने पास रख लिया था। ऑटो चालक द्वारा बैग थाने में जमा कराए जाने के बाद, पुलिस ने प्रार्थी नरेन्द्र छुगानी को थाने बुलाकर जांच के उपरांत पूरी रकम (3 लाख रुपये) सहित बैग सही-सलामत वापस लौटा दिया।

अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित वापस पाकर व्यापारी ने बिलासपुर पुलिस और ईमानदार ऑटो चालक का आभार व्यक्त किया है।