शराब के लिए पैसे न देने पर ई-रिक्शा चालक पर पेचकस से हमला, सूचीबद्ध गुंडा बदमाश गिरफ्तार

E-rickshaw driver attacked with screwdriver for not paying for liquor, listed gangster arrested

सरकंडा पुलिस की कार्रवाई, चिंगराजपारा में पार्षद के घर के पास हुई वारदात; आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

बिलासपुर। शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसे मांगने और मना करने पर ई-रिक्शा चालक पर पेचकस से हमला करने वाले बदमाश को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सरकंडा थाने का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पेचकस जप्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिंगराजपारा के अटल आवास (स्कूल चौक) निवासी बिसाहू साहू (23 वर्ष) पार्षद रानी शैलेश देवागन की ई-ऑटो (CG 10 BL 1643) किराए पर चलाता है। 20 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वह ई-रिक्शा छोड़ने पार्षद के निवास लक्ष्मी चौक, चिंगराजपारा गया था। इसी दौरान वहां खड़े मोहल्ले के निगरानी बदमाश दुर्गेश सूर्यवंशी (19 वर्ष) ने उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की।

प्रार्थी द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी भड़क गया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद आरोपी ने प्लास्टिक की मूठ वाले पेचकस से बिसाहू की पीठ के दाहिने हिस्से पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद पार्षद रानी देवागन ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

प्रार्थी की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 119(1), 296, 115(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुर्गेश सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।