बांकीमोंगरा पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने स्वास्थ्य केंद्र मोंगरा में किया औचक निरीक्षण, डॉक्टरों की कमी और व्यवस्था की खुली पोल।

Bankimonga Municipality President Mrs. Soni Vikas Jha conducted a surprise inspection at the Health Center Mongra, exposing the shortage of doctors and the poor arrangements.

CMHO डॉ. सूर्य नारायण केशरी से फोन पर की तत्काल चर्चा, MBBS डॉक्टर, नाइट शिफ्ट स्टाफ, वार्ड बॉय और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने की रखी मांग।

बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने जनहित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर सक्रियता दिखाते हुए उप स्वास्थ्य केंद्र मोंगरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, कर्मचारियों की संख्या और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण कमियां सामने आईं, जिन्हें अध्यक्ष ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान की पहल की।

गौरतलब है कि मोंगरा स्वास्थ्य केंद्र ने NQAS (National Quality Assurance Standards) के तहत क्वालिफाई कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का प्रमाण हासिल किया है। यह क्षेत्र के लिए गौरव की बात है, लेकिन दूसरी ओर स्वास्थ्य केंद्र में MBBS डॉक्टर की कमी, रात्रिकालीन ड्यूटी के लिए पर्याप्त स्टाफ का अभाव, सुरक्षा गार्ड की अनुपलब्धता और वार्ड बॉय सहित अन्य आवश्यक कर्मचारियों की कमी जैसे मुद्दे सामने आना चिंता का विषय है।

निरीक्षण के दौरान सबसे अधिक चिंता रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सामने आई। रात के समय यदि किसी मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ जाए तो उसके तत्काल उपचार की जिम्मेदारी कौन संभालेगा? पर्याप्त स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में मरीजों एवं स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

स्वास्थ्य केंद्र में केवल भवन, उपकरण और गुणवत्ता प्रमाणपत्र होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरत के समय मरीजों को डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य आवश्यक कर्मचारियों की सेवाएं भी उपलब्ध होनी चाहिए। विशेषकर ग्रामीण एवं श्रमिक बहुल क्षेत्र के लोगों के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर चिकित्सा सुविधा का होना बेहद जरूरी है।

CMHO से फोन पर तत्काल चर्चा, जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग!

निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं पर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने बिना देर किए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. सूर्य नारायण केशरी से फोन पर चर्चा की। उन्होंने मोंगरा स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त कर्मचारियों की कमी और मरीजों को हो रही परेशानियों से उन्हें अवगत कराया।

पालिका अध्यक्ष ने स्वास्थ्य केंद्र में MBBS डॉक्टर की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नाइट शिफ्ट में पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती, वार्ड बॉय एवं अन्य जरूरी पदों पर कर्मचारियों की व्यवस्था करने तथा सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तत्काल पहल करने की मांग रखी। उन्होंने जोर दिया कि क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और स्वास्थ्य केंद्र में दिन-रात बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहें।

प्रमाणपत्र के साथ धरातल पर भी दिखे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता!

NQAS के तहत क्वालिफाई होना स्वास्थ्य केंद्र के लिए निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इस उपलब्धि की वास्तविक सार्थकता तभी है जब आम नागरिकों को इसका लाभ धरातल पर भी मिले। पर्याप्त चिकित्सक, प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मचारी, रात्रिकालीन सेवाएं और सुरक्षा व्यवस्था किसी भी स्वास्थ्य केंद्र की बुनियादी जरूरत हैं।

पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा के इस औचक निरीक्षण और CMHO से तत्काल चर्चा के बाद क्षेत्रवासियों में मोंगरा स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इन समस्याओं पर कितनी शीघ्रता से कार्रवाई करता है और स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित हो पाती है।

जनता की उम्मीद भी यही है कि NQAS का सम्मान केवल प्रमाणपत्र तक सीमित न रहे, बल्कि मोंगरा स्वास्थ्य केंद्र में हर जरूरतमंद मरीज को समय पर डॉक्टर, बेहतर उपचार और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।

इस दौरान पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के साथ विकास झा, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा, प्रमोद सोना, श्रवण कुमार, श्रीमती प्रमिला सायतोड़े एवं श्रीमती रम्भा हेम सिंह कंवर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।