कोरबा । शहर के राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास एक युवक से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में प्रयुक्त चोरी का दोपहिया वाहन बरामद कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामसागरपारा निवासी प्रार्थी 18 नवंबर की रात करीब 11:00 बजे राताखार बाईपास रोड पेट्रोल पंप के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की और उसके पास मौजूद मोबाइल व नकदी रकम लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने धारा 309(4), 115(2) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मामले में संलिप्त तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में रामसागरपारा निवासी लखन राजपूत (23), राताखार बाईपास रोड निवासी रवि निषाद उर्फ दादू (22) और कमल निषाद उर्फ टेंगना शामिल हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल, नकदी और घटना में इस्तेमाल किया गया चोरी का दोपहिया वाहन जब्त कर लिया है।







