हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला आदतन बदमाश पंकज शर्मा गिरफ्तार

Pankaj Sharma, a habitual criminal who used to spread terror by brandishing weapons, was arrested.


13 इंच का धारदार हथियार जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

कोरबा। थाना कोतवाली अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने क्षेत्र में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आदतन बदमाश पंकज शर्मा (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अमरैयापारा निवासी इस आरोपी के पास से करीब 13 इंच लंबा लोहे का धारदार हथियार जब्त करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पंकज शर्मा द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने की शिकायत पर पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर ने त्वरित कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसकी कुल लंबाई लगभग 13 इंच (फल 10 इंच और मूठ 3.5 इंच) है। थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 934/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई।

जिला बदर और बॉन्ड राशि जब्ती की कार्रवाई भी तेज
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पंकज शर्मा इलाके का आदतन अपराधी है और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई का प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जो वर्तमान में विचाराधीन है। इसके अलावा, पूर्व में उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 129 के तहत शांति बनाए रखने की शर्त पर बाउंड ओवर (पाबंद) किया गया था। शर्तों का उल्लंघन कर पुनः आपराधिक कृत्य करने पर पुलिस ने उसकी जमा प्रतिभूति (बॉन्ड) राशि जब्त करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रतिवेदन पेश किया है।