रायगढ़, 14 नवंबर 2026। शहर के धांगरडीपा क्षेत्र में किराये के मकान के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले करने और सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान श्रवण उरांव उर्फ भोंदू (22 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02 धांगरडीपा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी आशीष अग्रवाल (32 वर्ष) धांगरडीपा में मकान मालिक एस. लकड़ा के मकान में किराये से रहता है। 12 नवंबर की रात उसने अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BF 9347 घर के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान 13 नवंबर की तड़के करीब 3:30 बजे पड़ोसी मनोज देवांगन ने उसे सूचना दी कि उसकी मोटरसाइकिल में आग लग गई है। आग की चपेट में पास खड़ी पड़ोसी कामता प्रसाद बरेठ की प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 F 1437 भी आ गई। देखते ही देखते दोनों मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं। मोहल्ले के लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
घटना के दौरान आरोपी ने मकान के सामने लगे दो सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया था। प्रार्थी ने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उसमें मोहल्ले का ही युवक श्रवण उरांव मोटरसाइकिलों में आग लगाते और कैमरे तोड़ते हुए दिखाई दिया। इसके बाद 13 नवंबर को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 669/2026 के तहत बीएनएस की धारा 324 (2) और 326 (f) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रशिक्षु डीएसपी एवं कोतवाली थाना प्रभारी अजय नागवंशी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी श्रवण उरांव उर्फ भोंदू पिता दशरू राम उरांव, उम्र 22 वर्ष, निवासी धांगरडीपा ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने इससे पहले रक्षाबंधन के समय भी घर के बाहर खड़े वाहनों में आग लगाई थी, जिसकी रिपोर्ट पहले ही थाने में दर्ज कराई गई थी। वर्तमान घटना में घर के अंदर प्रवेश कर वारदात को अंजाम देने के तथ्य सामने आने पर पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 331 (2) भी जोड़ी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में प्रधान आरक्षक दिग्विजय दास वैष्णव सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











