कृषक उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को मिलेगी ₹13,839 प्रति एकड़ तक आदान सहायता

Under the Krishak Unnati Yojana, paddy producing farmers will get input assistance of up to ₹13,839 per acre.

खरीफ 2026 से लागू होंगे नए दिशा-निर्देश; पात्र किसानों को आधार-लिंक्ड बैंक खाते में डीबीटी से होगा भुगतान


कोरबा, 12 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन ने खरीफ वर्ष 2026 से कृषक उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को आदान सहायता राशि देने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड द्वारा समितियों के माध्यम से उपार्जित धान तथा छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा उपार्जित धान बीज से संबंधित सत्यापित बोए गए रकबे पर किसानों को ₹13,839 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी।
सहायता की राशि धान के प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल उपार्जन की सीमा और कॉमन धान के निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य के आधार पर तय की गई है। किसान द्वारा निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान विक्रय किए जाने पर भी, सत्यापित बोए गए रकबे के अनुपात में सहायता की गणना की जाएगी। उदाहरण के तौर पर, एक एकड़ में धान बोने और 15 क्विंटल धान विक्रय करने पर भी पात्र किसान को एक एकड़ के लिए निर्धारित सहायता राशि मिलेगी।
योजना का लाभ उन किसानों को मिलेगा जिनका खरीफ 2026-27 के लिए संबंधित पोर्टल पर पंजीयन हो तथा जिनसे समितियों/लैम्प्स के माध्यम से मार्कफेड ने धान या बीज निगम ने धान बीज उपार्जित किया हो। एग्रीस्टैक में किसान का पंजीयन अनिवार्य होगा। बोए गए रकबे की पुष्टि डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के माध्यम से की जाएगी। जहां डीसीएस का डेटा उपलब्ध नहीं होगा, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे पर सहायता दी जा सकेगी। ग्रीष्मकालीन धान की फसल इस योजना के दायरे में शामिल नहीं होगी।
आदान सहायता राशि किसान के उपलब्ध कराए गए आधार-लिंक्ड बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जमा की जाएगी। किसान धान विक्रय के लिए टोकन जारी करते समय निर्धारित प्रारूप में योजना के लाभ हेतु आवेदन कर सकेंगे। जिन किसानों ने खरीफ 2025-26 में धान विक्रय नहीं किया था, उनके रकबे का सत्यापन जिला कलेक्टर द्वारा कराया जाएगा।