हत्या के प्रयास व बलवा के मामले में 5 साल से फरार पिता-पुत्र समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Three accused, including a father and son, who were absconding for five years in a case of attempt to murder and rioting, arrested.

मल्हार पुलिस ने सिरगिट्टी में घेराबंदी कर दबोचा, 2018 से लंबित 4 स्थायी वारंट की भी हुई तामिली

बिलासपुर/मस्तूरी। मल्हार चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास और बलवा के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे पिता और उसके दो पुत्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को सिरगिट्टी क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा। इसके साथ ही आरोपियों के विरुद्ध वर्ष 2018 से लंबित चार स्थायी गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई है।

09 मार्च 2021 को दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 09 मार्च 2021 को ग्राम बिनेका में ओमप्रकाश कुर्रे ने अपने पुत्रों लव कुर्रे, राजेश कुर्रे और अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव के ही रामेश्वर कोसले एवं अन्य लोगों पर हत्या की नीयत से हमला किया था। इस मारपीट और बलवा की घटना में प्रार्थी पक्ष को गंभीर चोटें आई थीं। मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी में दी दबिश
फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मल्हार चौकी पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर मल्हार पुलिस ने तत्काल गोपनीय तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी और तीनों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी (सभी निवासी ग्राम बिनेका, चौकी मल्हार)

  • ओमप्रकाश कुर्रे (55 वर्ष), पिता सुकुल कुर्रे
  • लव कुर्रे (30 वर्ष), पिता ओमप्रकाश कुर्रे
  • राजेश कुर्रे, पिता ओमप्रकाश कुर्रे

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वर्ष 2018 के अन्य मामलों में जारी 04 स्थायी वारंटों की तामिली करते हुए उन्हें चौकी मल्हार लाया और वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।