धारदार चाकू दिखाकर नागरिकों को डराने-धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

The accused, who threatened citizens by brandishing a sharp knife, was arrested and sent to jail on judicial remand.

बिलासपुर। शहर में चाकूबाजी और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विष्णु चौक स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास धारदार चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले आरोपी अनस अहमद खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि तिफरा क्षेत्र के विष्णु चौक में स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लहरा रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को इस संबंध में अवगत कराया गया। उनके निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर केंवट ने तत्काल एक पुलिस टीम गठित कर मौके के लिए रवाना की।

भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस टीम जब विष्णु चौक पहुंची, तो आरोपी हाथ में चाकू लिए लोगों को धमका रहा था। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अनस अहमद खान पिता सईद अहमद खान (उम्र 26 वर्ष), निवासी गौर कॉलोनी, यदुनंदन नगर, तिफरा बताया।

सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी के पास से धारदार चाकू जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 847/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।