ऑपरेशन बाज’: बिलासपुर के सकरी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक ही दिन में 6 स्थायी और 2 गिरफ्तारी वारंटी दबोचे

'Operation Baaz': Major police action in Sakri, Bilaspur; 6 permanent and 2 arrest warrants arrested in a single day

DIG व SSP बिलासपुर के निर्देश पर सकरी पुलिस की तूफानी कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गिरफ्तार, माननीय न्यायालय में पेश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत सकरी थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज एक ही दिन में 06 स्थायी वारंटियों और 02 गिरफ्तारी वारंटियों को अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी वारंटियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।

पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) महोदय द्वारा लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों को तत्काल गिरफ्तार करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। न्यायालय द्वारा जिन फरार आरोपियों के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए गए थे, उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया।

ये आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे:
सकरी पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में पकड़े गए मुख्य आरोपियों में दीपक यादव उर्फ पी.पी. (उम्र 22 वर्ष, नया मार्केट सकरी), राकेश टोण्डे (उम्र 30 वर्ष, सकर्रा थाना हिर्री), धरम उर्फ काछी रजक (मंगला थाना सिविल लाइन), रिया जैन (उम्र 26 वर्ष, प्रो. सत्या ई-रिक्शा शॉप, सकरी) और सुनील जैन (उम्र 40 वर्ष, प्रो. सत्या मोटर्स एंड ट्रैक्टर्स, सकरी) शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने दो अन्य गिरफ्तारी वारंटियों को भी दबोचने में सफलता पाई।

सक्रिय रही सकरी पुलिस की टीम:
इस पूरी अपराध विरोधी व त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, प्रउनि टीकाराम निषाद, प्रउनि अर्चना साहू, आरक्षक जीना अनंत, मनोज बघेल, सुनील सूर्यवंशी, सज्जू अली, राजकुमार मधुकर और महिला आरक्षक प्रीति शर्मा की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। बिलासपुर पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के अपराधियों और फरार वारंटियों में हड़कंप मच गया है।