शराब के लिए 500 रुपये नहीं देने पर बेल्ट से पिटाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

Man beaten with belt for refusing to pay Rs 500 for liquor, 4 arrested

कोरबा 2 नवंबर 2026/ शराब खरीदने के लिए पैसे देने से मना करने पर दो युवकों के साथ बेल्ट से बेरहमी से मारपीट करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना बांकीमोंगरा पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल कुछ अन्य फरार आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूरज कुमार बिंझवार ने 1 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सूरज ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात लगभग 9:30 बजे वह अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ बांकीमोंगरा देसी शराब भट्ठी से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगे।

जब सूरज और उसके साथी ने रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने अश्लील गालियां देते हुए दोनों युवकों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर हाथ-मुक्के और बेल्ट से उन पर हमला कर दिया और उन्हें जमीन पर घसीट-घसीटकर गंभीर रूप से पीटा।

शिकायत मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 119(1) और 191(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में चारों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी समीर कुर्रे के पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया बेल्ट भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने मोंगरा बस्ती निवासी समीर कुर्रे (19 वर्ष), आशीष कुमार पाटले (29 वर्ष), अमन कुमार कुर्रे (24 वर्ष) और हेमलाल कुर्रे (42 वर्ष) को 2 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


पुलिस ने मोंगरा बस्ती निवासी समीर कुर्रे (19 वर्ष), आशीष कुमार पाटले (29 वर्ष), अमन कुमार कुर्रे (24 वर्ष) और हेमलाल कुर्रे (42 वर्ष) को 2 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।