नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी विजय ध्रुव गिरफ्तार, सकरी पुलिस ने भेजा जेल

Vijay Dhruv, accused of molesting a minor, arrested and sent to jail by Sakri police

बिलासपुर। उस्लापुर क्षेत्र में स्कूल जा रही एक नाबालिग लड़की का रास्ता रोककर छेड़छाड़ करने वाले 20 वर्षीय आरोपी विजय ध्रुव को सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7, 8 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत काटीखार उस्लापुर निवासी आरोपी विजय ध्रुव (मरावी) आए दिन गांव की ही एक नाबालिग लड़की को स्कूल आते-जाते समय परेशान करता था। पड़ोसी होने के कारण पीड़िता का परिवार शुरुआत में चुप रहा। लेकिन बीते 30 अक्टूबर की सुबह करीब 9:00 बजे जब नाबालिग उस्लापुर जय स्तंभ के पास पहुंची, तब आरोपी ने उसे “स्कूल मत जाओ” कहकर जबरन रोका और हाथ व चुनरी खींचकर छेड़खानी करने लगा। पीड़िता ने घर पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने 1 नवंबर को सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

महिला व बच्चों से संबंधित गंभीर अपराध को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी (शहर) पंकज कुमार पटेल और सीएसपी (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी विजय ध्रुव पिता प्रकाश ध्रुव को धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।