जनदर्शन में नागरिकों ने रखीं अपनी समस्याएं, कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

Citizens put forth their problems in the public hearing, the Collector directed the officials for timely resolution.

कोरबा, 26 अक्टूबर 2026/ नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में स्वरोजगार, खसरों की गिरदावरी जांच, भूमि सीमांकन, त्रुटि सुधार, नक्शा कटवाने, राजस्व अभिलेखों की दुरुस्ती, शिकायतों की जांच, मतदाता सूची में नाम की जांच, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों के भुगतान एवं पात्रता जांच, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण हटाने, सड़क मरम्मत, राहत राशि, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, सड़क दुर्घटना बीमा लाभ तथा आजीविका संबंधी मांगों सहित कुल 109 आवेदन प्राप्त हुए।


कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर  निराकरण करने और नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी पहल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।