बिलासपुर। शहर में गुंडे-बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कतियापारा उदई चौक के पास धारदार तलवार लहराकर आम लोगों में दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाश मिथलेश सिंह ठाकुर उर्फ डोमचुल (26 वर्ष) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार तलवार जप्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर अड्डेबाजों और आदतन अपराधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान 24 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि उदई चौक के पास एक युवक हाथ में नंगी तलवार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी मिथलेश सिंह ठाकुर को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से धारदार तलवार बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 627/26, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।







