उद्योग मंत्री ने बरेठ समाज को दी 15 लाख के सामुदायिक भवन की सौगात, 96.76 लाख के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

Industry Minister gifted a community hall worth Rs 15 lakh to the Bareth community, inaugurated works worth Rs 96.76 lakh and performed Bhoomi Pujan.

   मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा—समाज का विकास ही शहर के विकास की पहली सीढ़ी, पौने तीन वर्षों में करीब 60 समाजों को मिली विकास कार्यों की सौगात

कोरबा। नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने गुरुवार को रशियन हॉस्टल के समीप ढोढ़ीपारा में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न समाजों एवं वार्डों में विकास कार्यों की सौगात देते हुए कुल 96.76 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 15 अंतर्गत जीटी हॉस्टल, सीएसईबी के नहर पुल के समीप बरेठ समाज की मांग पर डीएमएफ मद से 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। वहीं, वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया एवं आसपास के क्षेत्रों में 81.76 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

इन विकास कार्यों की मिली सौगात

लोकार्पण कार्य

– वार्ड क्रमांक 15, जीटी हॉस्टल सीएसईबी के नहर पुल के समीप बरेठ समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण — 15 लाख रुपये।

भूमिपूजन कार्य

– वार्ड क्रमांक 18, कोहड़िया में मुक्तिधाम निर्माण एवं विकास कार्य — 48.61 लाख रुपये।

– वार्ड क्रमांक 18 में पचरी निर्माण कार्य — 6.60 लाख रुपये।

– वार्ड क्रमांक 18, बावापारा कोहड़िया में पचरी निर्माण कार्य — 6.57 लाख रुपये।

– वार्ड क्रमांक 18 में सामुदायिक भवन के समीप पेवर ब्लॉक, शेड एवं अतिरिक्त विकास कार्य — 9.98 लाख रुपये।

– कहरा मोहल्ला सामुदायिक भवन के समीप शौचालय, किचन शेड एवं सांस्कृतिक मंच निर्माण — 10 लाख रुपये।

इस प्रकार 15 लाख रुपये के कार्य का लोकार्पण और 81.76 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने की। नगर निगम सभापति श्री नूतन ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समाजों का विकास ही शहर के विकास की पहली सीढ़ी : मंत्री लखन लाल देवांगन

इस अवसर पर मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बीते पौने तीन वर्षों में कोरबा शहर के सभी समाजों की मांगों के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। समाज का विकास ही शहर के विकास की पहली सीढ़ी है। इसी भावना के साथ लगभग 60 समाजों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है। आज बरेठ समाज को नए सामुदायिक भवन की सुविधा मिली है, वहीं कहरा समाज को भी विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के सशक्त नेतृत्व में कोरबा में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। बीते तीन वर्षों में 1100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। हमारा प्रयास है कि स्वीकृत कार्य जल्द से जल्द धरातल पर उतरें और आम नागरिकों को उनका लाभ मिले.
उन्होंने कहा कि आने वाले एक से दो महीनों में 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत की जा रही है। नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न मदों से विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाकर शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

67 वार्डों के साथ हर समाज की चिंता करते हैं उद्योग मंत्री : महापौर संजू देवी राजपूत

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन 67 वार्डों के साथ-साथ शहर के हर समाज की चिंता करते हैं। समाजों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए घोषणाओं के अनुरूप समयसीमा में विकास कार्यों को पूर्ण कराकर सौगात दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए अच्छी नीयत और स्पष्ट नीति जरूरी है। मंत्री श्री देवांगन इसी संकल्प के साथ लगातार शहर को विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं।

विकास कार्यों को बताने में होता है गौरव : नरेंद्र देवांगन
एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र देवांगन ने कहा कि आज शहर में हुए विकास कार्यों को जनता के सामने रखने में गौरव की अनुभूति होती है। चाहे समाजों की मांग हो या वार्डों के विकास का विषय, ट्रिपल इंजन की सरकार में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय भी डीएमएफ और सीएसआर जैसे मद उपलब्ध थे, लेकिन अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए। वर्तमान में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन एवं महापौर के नेतृत्व में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं समाजजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में श्री लक्ष्मण श्रीवास, श्री राम कुमार साहू, एल्डरमैन श्री दीपक यादव, मंडल अध्यक्ष श्री राजेश राठौर, श्री मनीष मिश्रा सहित बरेठ समाज से श्री धनबाई निर्मलकर, श्री जनाराम कर्ष, श्री पुनि राम साहू, श्रीमती सरिता कौशिक, श्री पुरुषोत्तम कर्ष, श्री चेतन कर्ष, श्री सुरेंद्र शांडिल्य, श्री संतोष बरेठ, श्री गिरधारी रजक, श्री बिहारी रजक, श्री राजेश बरेठ, श्री रामेश्वर रजक तथा कहरा समाज से श्री गेंदलाल कटकवार, श्री गंगाराम, श्रीमती लक्ष्मी कहरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं समाजजन उपस्थित रहे।