कोरबा के लाल मैदान में दिखेगा 120 फीट ऊंचे रावण का अट्टहास, आसमानी आतिशबाजी होगी मुख्य आकर्षण

A 120-foot-tall Ravana's laughter will be seen at Korba's Lal Maidan, with aerial fireworks being the main attraction.

कोरबा, 19 अक्टूबर 2026: कोरबा जिले का मशहूर और ऐतिहासिक लाल मैदान दशहरा उत्सव इस वर्ष बेहद भव्य और आधुनिक रंग में नजर आने वाला है। विजयादशमी के पावन अवसर पर 20 अक्टूबर को दर्री स्थित लाल मैदान में 120 फीट ऊंचे रावण के विशाल पुतले का दहन किया जाएगा। अधर्म पर धर्म की जीत का यह महापर्व क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिला प्रशासन के आला अफसरों सहित विद्युत कंपनी के उच्चाधिकारी भी विशेष रूप से सम्मिलित होंगे।

कबाड़ से आकार ले रहा 120 फीट का रावण, दिखाएगा लाल आंखें
दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक और कार्यपालक निदेशक श्री एच.के. सिंह के मार्गदर्शन में हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (कोरबा पश्चिम) के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। उत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्री एस.के. गोठी ने बताया कि इस बार का रावण पुतला बेहद खास है। हसदेव संयंत्र के अनुपयोगी कबाड़ (स्क्रैप) से तैयार किया गया यह दस सिरों वाला रावण मैदान में श्रीराम की सेना को लाल-लाल आंखें दिखाएगा, अपना सिर घुमाएगा और जोर-जोर से अट्टहास (हंसी) भी करेगा, जो दर्शकों के लिए एक अनोखा रोमांच होगा।

शाम 7 बजे से सजेगी महफिल, रात 8 बजे से आतिशबाजी का रोमांच
समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दशहरा का मुख्य कार्यक्रम 20 अक्टूबर को शाम 7:00 बजे से शुरू हो जाएगा। पूरे लाल मैदान को दूधिया और रंग-बिरंगी रोशनी से पाट दिया गया है। दर्शकों और बच्चों के मनोरंजन के लिए मैदान और उसके आसपास भव्य मेले जैसा माहौल तैयार किया गया है।

इस वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण रात 8:00 बजे से शुरू होने वाली शानदार आसमानी आतिशबाजी होगी। आसमान में बिखेरते रंगों के अनूठे प्रदर्शन के बाद मुख्य अतिथि की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।