कोरबा। उरगा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहगीर से मोबाइल और नकदी लूटकर फरार होने वाले दो आरोपियों को २४ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। माननीय न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को २४ अक्टूबर २०२६ तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
माइनिंग कर्मी बताकर रोका, फिर की लूटपाट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी १७ अक्टूबर २०२६ को ट्रेलर क्रमांक CG 12 BN 4977 में गेवर्रा से रायगढ़ जाने के लिए निकला था। दोपहर करीब २ बजे कमरीचोली मेन रोड के आगे वाहन रोककर वह नीचे उतरा, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। उन्होंने खुद को माइनिंग विभाग का कर्मचारी बताया और बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान युवकों ने अपना नाम केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान बताया। इसी बीच दोनों ने अचानक प्रार्थी पर झपट्टा मारा और उसका ओप्पो (OPPO) कंपनी का मोबाइल फोन तथा ₹५०० नगद छीनकर अपनी काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 12 BS 0751) से फरार हो गए।
उरगा चौक पर मोबाइल बेचने की फिराक में थे आरोपी
पीड़ित की शिकायत पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक ५७८/२०२६ के तहत बीएनएस (BNS) की धारा ३०४(२) एवं ३(५) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने तत्काल मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उरगा चौक पर दो संदिग्ध युवक मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
घेराबंदी कर दबोचा, सामान बरामद
सूचना मिलते ही उरगा पुलिस की टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और केसरी नन्दन वैष्णव (३६ वर्ष, निवासी पाण्डेय चाल, उरगा चौक) तथा ललित कुमार चौहान (२२ वर्ष, निवासी कटबितला) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी केसरी नन्दन के पास से लूटा गया ओप्पो मोबाइल और ललित कुमार के पास से ₹५०० नगद सहित वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को १८ अक्टूबर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।







