शराब के पैसे न मिलने पर युवक पर जानलेवा हमला, नाबालिग आरोपी के पास से धारदार हथियार जप्त

A youth was attacked for not getting money for alcohol, a sharp weapon was seized from the minor accused.

बिलासपुर। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डीपूपारा इलाके में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से हथियार जप्त कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सैकी राम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे वह खाना खाने के बाद दुर्गा मंदिर के पास डीपूपारा तरफ टहलने निकला था। इसी दौरान मोहल्ले का ही एक लड़का वहां आया और उसने प्रार्थी से शराब पीने के लिए 200 रुपये की मांग की।

जब सैकी राम ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखी एक नुकीली व धारदार वस्तु से सैकी राम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई, जेजे बोर्ड में पेश
प्रार्थी की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 357/2026 दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी नाबालिग को थाना तलब किया। कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया 01 नग धारदार हथियार जप्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 351(2), 118(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड (JJ Board) के समक्ष पेश किया है।