चार आरोपियों की धरपकड़: हत्या के प्रयास, छेड़छाड़ व लूट के मामलों में कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 नाबालिग भी निरुद्ध

Four accused arrested: Korba police take major action in cases of attempted murder, molestation and robbery, 2 minors also detained

कोरबा। जिला पुलिस कप्तान श्री सिद्धार्थ तिवारी के कड़े निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के प्रयास, नाबालिग से छेड़छाड़ और चाकू की नोंक पर लूटपाट करने वाले तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो बालिग आरोपियों और दो अपचारी बालकों (नाबालिगों) सहित कुल 4 लोगों को गिरफ्तार व निरुद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में देव कुमार कुर्रे (28 वर्ष, निवासी इमलीडुग्गु) और संतोष पटेल (24 वर्ष, निवासी गोकुलगंज सीतामढ़ी) शामिल हैं, वहीं दो अन्य नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

पहला मामला: हत्या के प्रयास में फरार नाबालिग गिरफ्तार

बीते 4 मार्च 2026 को मोतीसागर निवासी प्रवीण बरठ पर पुरानी रंजिश को लेकर चाकू और ऑपरेशन ब्लेड से जानलेवा हमला किया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। इस मामले में मुख्य आरोपी नानू यादव और चिंटू उर्फ सुनील पहले ही जेल जा चुके हैं, जबकि घटना के बाद से फरार चल रहे एक अपचारी बालक को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

दूसरा मामला: नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी जेल दाखिल

इमलीडुग्गु क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया था। प्रार्थिया की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 796/2026, धारा 74, 296, 351(3), 3(5) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत अपराध दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी देवकुमार कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

तीसरा मामला: चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाला नाबालिग पकड़ाया

लूटपाट का एक मामला बस स्टैंड मार्ग पर सामने आया, जहां प्रार्थी तेजकुमार नागवंशी को डरा-धमकाकर चाकू की नोंक पर उनका मोबाइल और करीब 20 हजार रुपये नगद लूट लिए गए थे। पुलिस ने अपराध क्रमांक 842/2026, धारा 309(6) बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार और लूटी गई शत-प्रतिशत रकम बरामद कर ली गई है।

पुलिस की अपील: निर्भीक होकर दें सूचना
कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध होते दिखे, तो तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाने को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।