कोरबी/पसान: जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में कोरबी पुलिस चौकी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने अलगाडाड घोसारा क्षेत्र में दबिश देकर धान के खेत से 70 लीटर से अधिक अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
- खेत में छिपाए थे 389 नग पौवे:
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 अक्टूबर को देहात भ्रमण के दौरान कोरबी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अलगाडाड घोसारा निवासी धनसाय उर्फ धन्नू बिंझवार (45 वर्ष) ने अपने घर के पास स्थित धान के खेत में भारी मात्रा में बाहरी राज्य की शराब छिपाकर रखी है, जिसे वह खपाने की फिराक में है। - वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई:
सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस अधीक्षक (SP) श्री सिद्धार्थ तिवारी (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) श्री लखन पटले, नीतीश सिंह एवं एसडीओपी कटघोरा श्री विजय सिंह राजपूत के कुशल पर्यवेक्षण में कोरबी पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की। आरोपी धनसाय के धान के खेत की तलाशी लेने पर वहाँ से मध्य प्रदेश निर्मित ‘गोवा व्हिस्की’ अंग्रेजी शराब के कुल 389 नग पौवे (कुल मात्रा 70.02 बल्क लीटर) बरामद किए गए। - आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल रवाना:
पुलिस ने अवैध शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर आरोपी धनसाय बिंझवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस चौकी कोरबी (थाना पसान) में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 0/026 दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह (199), आरक्षक संजय साहू, परमानंद दिवाकर, टंकेश्वर पटेल और रोशन पांडे की सराहनीय भूमिका रही।







