जन-जन तक पहुंच रही शासन की सेवाएं, शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ और समस्याओं का त्वरित निराकरण – कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन

Government services are reaching every citizen, benefits of schemes are being provided through camps and problems are being resolved quickly - Cabinet Minister Lakhanlal Devangan

दर्री जोन में सेवा संकल्प शिविर का हुआ आयोजन

कोरबा, 13 अक्टूबर 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा हेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन दर्री जोन कार्यालय परिसर में किया गया। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इनका उद्देश्य नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करना है। शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और शासन सीधे नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से लोगों को खाद्यान्न, आवास, आर्थिक सहायता तथा बेहतर जीवन की सुविधाएं मिल रही हैं।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी, तेंदूपत्ता का 5500 रुपये प्रति मानक बोरा संग्रहण पारिश्रमिक तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। चरण पादुका योजना और रामलला दर्शन योजना के माध्यम से भी हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है।


उन्होंने बताया कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से कोरबा जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों और पुल-पुलियों सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने आगे कहा कि कोरबा शहर में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में 18 अक्टूबर को सुभाष चौक में सड़क मरम्मत एवं डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। सेवा संकल्प शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की पहल की जा रही है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।
नगर निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने नागरिकों से शिविरों में पहुंचकर शासकीय योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

’विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया गया लाभांवित’

शिविर में कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर एवं अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत सहायता राशि के चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी, मुख्यमंत्री सियान सदन योजना के अंतर्गत डेमो चेक तथा श्रम विभाग की मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इसके साथ ही इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।