तारा घाटी-कटघोरा मार्ग पर दो ट्रेलरों की भिड़ंत से लगा भीषण जाम, तड़के से सुबह तक परेशान रहे सैकड़ों यात्री
- एम्बुलेंस, बीमार मरीज और बच्चे घंटों फंसे रहे; पुलिस के बार-बार फोन करने पर भी नहीं पहुंचे NHAI के अधिकारी
कोरबा /कटघोरा/मोरगा। नेशनल हाईवे 130 (बिलासपुर-अम्बिकापुर मार्ग) पर मंगलवार की तड़के दो ट्रेलरों के बीच हुई भीषण भिड़ंत के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर मीलों लंबा भीषण जाम लग गया, जिससे एम्बुलेंस में सवार गंभीर मरीज, महिलाएं, बच्चे और ट्रेन-हवाई यात्रा के लिए निकले सैकड़ों यात्री घंटों परेशान होते रहे। इस गंभीर आपात स्थिति में सहयोग न करने और अपने कर्तव्यों के प्रति घोर उदासीनता बरतने पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। थाना बांगो और चौकी मोरगा पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 222 के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय कटघोरा में परिवाद (Complaint) दायर कर दिया गया है।
कटघोरा/मोरगा। नेशनल हाईवे 130 (बिलासपुर-अम्बिकापुर मार्ग) पर मंगलवार की तड़के दो ट्रेलरों के बीच हुई भीषण भिड़ंत के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर मीलों लंबा भीषण जाम लग गया, जिससे एम्बुलेंस में सवार गंभीर मरीज, महिलाएं, बच्चे और ट्रेन-हवाई यात्रा के लिए निकले सैकड़ों यात्री घंटों परेशान होते रहे। इस गंभीर आपात स्थिति में सहयोग न करने और अपने कर्तव्यों के प्रति घोर उदासीनता बरतने पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। थाना बांगो और चौकी मोरगा पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 222 के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय कटघोरा में परिवाद (Complaint) दायर कर दिया गया है।
खराब खड़ी गाड़ी को दूसरी ने मारी टक्कर, बाधित हुआ मार्ग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 02:30 बजे मदनपुर घाट (थाना बांगो व चौकी मोरगा क्षेत्र) के पास तारा घाटी से कटघोरा की ओर आ रही एक ट्रेलर (क्रमांक CG10BS5980) तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ी थी। इसी दौरान अम्बिकापुर की ओर जा रहे एक अन्य ट्रेलर (क्रमांक CG10BS9436) के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए खड़ी ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बीच सड़क पर फंस गए और नेशनल हाईवे 130 पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
घंटों तड़पते रहे मरीज, पुलिस जूझती रही, NHAI सोता रहा
जाम की सूचना मिलते ही थाना बांगो और चौकी मोरगा का पुलिस बल, हाईवे पेट्रोलिंग तथा डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल अपने स्तर पर क्रेन व अन्य माध्यमों से जाम हटवाने के प्रयास में जुट गया। इस दौरान बिलासपुर-अम्बिकापुर मार्ग का समयबद्ध यातायात पूरी तरह ठप होने से कई बसें फंस गईं। एम्बुलेंस में इलाज के लिए जा रहे मरीज, ट्रेन और फ्लाइट पकड़ने वाले मुसाफिर, महिलाएं और बच्चे सुबह की कड़कड़ाती ठंड में घंटों परेशान होते रहे।
आपात स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने हाईवे प्रबंधन और तकनीकी मदद के लिए NHAI के जिम्मेदार अधिकारियों को फोन पर लगातार सूचना दी। लेकिन बेहद संवेदनशील मामला होने के बावजूद NHAI की ओर से कोई त्वरित रिस्पांस (Quick Response) नहीं मिला। अधिकारियों की इस आपराधिक लापरवाही और उदासीनता के कारण रास्ता साफ करने में घंटों की देरी हुई, जिससे जनता की परेशानी दोगुनी हो गई।
कानूनी कार्रवाई से सहमीं अन्य एजेंसियां
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि NHAI के अधिकारियों द्वारा संकट के समय अपने उत्तरदायित्वों से मुंह मोड़ना और लोक सेवक (पुलिस) के कर्तव्य निष्पादन में सहायता न करना एक गंभीर अपराध है। इसी वजह से उनके खिलाफ कटघोरा कोर्ट में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई एक नजीर बनेगी, और भविष्य में जनता की सुरक्षा व व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाली किसी भी अन्य सरकारी या निजी एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा।







