थाने में हंगामा कर महिला पुलिसकर्मी से मारपीट करने वाली आरोपी महिला गिरफ्तार, भेजी गई जेल

The woman accused of creating a ruckus in the police station and assaulting a female police officer has been arrested and sent to jail.

कोरबा। बालकोनगर थाना परिसर में शराबी बेटे का पक्ष लेकर हंगामा करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने वाली महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कोरबा पुलिस ने आम जनता से कानून हाथ में न लेने की अपील की है।

शराबी बेटे को बचाने पहुंची थी मां
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है। बालकोनगर थाना क्षेत्र में अजय यादव नाम का एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत्त होकर मोटरसाइकिल चला रहा था, जिसने एक बच्ची को टक्कर मार दी। इस मामले में पुलिस अजय को पकड़कर थाने लाई थी और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही थी। इसी बीच आरोपी की मां रानी यादव थाना परिसर पहुंची और पुलिसकर्मियों से विवाद करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को पहुंचाई चोट
थाने में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने जब महिला को समझाने का प्रयास किया, तो वह और उग्र हो गई। उसने शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करते हुए ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी ईश्वरी राज के साथ मारपीट कर दी। इस हमले में पुलिसकर्मी के हाथ में चोट आई है।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ केस
प्रार्थिया ईश्वरी राज की रिपोर्ट पर बालकोनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 600/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी रानी यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (गाली-गलौज), 132 (शासकीय कार्य में बाधा हेतु हमला), 121(1) (लोक सेवक को चोट पहुंचाना) और 221 के तहत मामला पंजीबद्ध किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस की अपील: कानून का सम्मान करें
इस घटना के बाद कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने या कानून हाथ में लेने जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।