महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत व नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय की उपस्थिती मे रायपुर मे पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत कन्सेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर

Signing of concession agreement under PM e-Bus Seva Yojana in Raipur in the presence of Mayor Smt. Sanju Devi Rajput and Municipal Corporation Commissioner Shri Ashutosh Pandey

कोरबा नगर निगम को 40 EV बस होंगे प्रदाय

कोरबा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की जनहितकारी पहल पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में आधुनिक, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में रायपुर में कन्सेशन एग्रीमेंट हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नगरीय परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की पहल को आगे बढ़ाया गया।

इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर, सुगम और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण में कमी लाने, ईंधन पर निर्भरता घटाने और स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

कोरबा जैसे औद्योगिक शहर के लिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में यह पहल विशेष महत्व रखती है। आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार से आम नागरिकों को आवागमन के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने और शहर की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, प्रमुख सचिव श्री सोनमणि वोरा, नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक श्री निलेश क्षीरसागर तथा नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त श्री आशुतोष पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

पीएम ई-बस सेवा योजना से कोरबा के शहरी विकास, स्वच्छ परिवहन और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह पहल नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ भविष्य के लिए टिकाऊ एवं आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।