कोरबा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्री सिद्धार्थ तिवारी के कड़े निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है। पुरानी बस्ती के सिंधी मोहल्ला में पुलिस की टीम ने छापेमारी कर लगभग ₹2 लाख की कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर गोदाम में दी दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरानी बस्ती इलाके में बिना किसी वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है, जिसे त्योहारों के दौरान ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल सिंधी मोहल्ला स्थित संदिग्ध स्थान पर घेराबंदी की और आरोपी के मकान के पास बने एक गोदाम में दबिश दी।
विभिन्न कंपनियों के 18 कार्टून पटाखे जब्त
गोदाम की तलाशी लेने पर पुलिस की टीम दंग रह गई। वहां विभिन्न नामी कंपनियों के पटाखे अवैध रूप से ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। पुलिस ने मौके से कुल 18 नग कार्टून विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए। घनी आबादी वाले रिहाइशी इलाके में इस तरह बिना सुरक्षा उपायों के पटाखों का भंडारण करना किसी बड़े हादसे को आमंत्रण देने जैसा था। जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹2 लाख बताई जा रही है।
सिंधी मोहल्ला का निवासी है आरोपी
पुलिस ने इस मामले में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वाले आरोपी बलराम जज्ञासी (42 वर्ष), पिता रमेश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुरानी बस्ती के सिंधी मोहल्ला का ही निवासी है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया गया है।
एसपी के निर्देश पर लगातार जारी रहेगी कार्यवाही
कोतवाली पुलिस के अनुसार, एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों, सट्टा, शराब और बिना अनुमति के पटाखा भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। रिहाइशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखा डंप करने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी इस तरह की औचक छापेमारी और सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।







