कोरबा। पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में उरगा थाना पुलिस ने अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों पर कड़ा रुख अपनाते हुए और अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला 1: नाबालिग से दुष्कर्म और छेड़छाड़ का आरोपी मुकेश यादव गिरफ्तार
थाना उरगा में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 19 सितंबर 2026 को सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 520/2026, धारा 137(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपहृत बालिका को सकुशल बरामद किया। बाल कल्याण समिति (CWC) और न्यायालय के समक्ष धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज बयानों में पीड़िता ने बताया कि आरोपी मुकेश यादव उसे बहला-फुसलाकर ले गया था और उसके साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ व पूर्व में दुष्कर्म किया था। इसके आधार पर मामले में धारा 65(1), 74 बीएनएस और 4, 8 पॉक्सो (POCSO) एक्ट जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी मुकेश यादव (19 वर्ष), निवासी धंवईपुर, कटघोरा को 6 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय (एफटीएससी) कोरबा में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामला 2: दर्राभाठा पानी टंकी के पास 8 लीटर अवैध शराब के साथ अजीत खुटे गिरफ्तार
दूसरे मामले में 5 अक्टूबर 2026 को उरगा थाने की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दर्राभाठा पानी टंकी के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बेच रहा है। पुलिस ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अजीत खुटे (43 वर्ष), निवासी खोडडल, थाना उरगा बताया।
तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद एक थैले से पारदर्शी पन्नी में भरी करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। शराब रखने या बेचने का कोई वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने शराब जप्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 551/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे भी जेल भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस ने साफ किया है कि महिला व बच्चों से संबंधित गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों और अवैध मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ यह कड़ा अभियान लगातार जारी रहेगा।







