डीएमएफ से जामबहार में पहुंची सौर ऊर्जा की रोशनी, ग्रामीणों ने जताया प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार
कोरबा 30 सितम्बर 2026/ शाम ढलते ही जामबहार के चौक-चौराहे सोलर हाईमास्ट की रोशनी से जगमगा उठते हैं। रोशनी के साथ ग्रामीणों को अब रात में सुरक्षित आवागमन, बाजार तक आसान पहुंच और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर सुविधा का भरोसा मिला है। कोरबा विकासखंड के ग्राम जामबहार में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत राशि से स्थापित सोलर हाईमास्ट सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों तक जनसुविधा पहुंचाने की पहल का प्रभावी स्वरूप बनकर सामने आया है।
जिला प्रशासन द्वारा क्रेडा के माध्यम से स्थापित यह सोलर हाईमास्ट सौर ऊर्जा से संचालित है। सामान्य विद्युत आपूर्ति पर निर्भरता के बिना रात में प्रकाश उपलब्ध कराने वाली इस व्यवस्था से गांव के प्रमुख आवागमन मार्ग और सार्वजनिक स्थल रोशन हो रहे हैं। पर्याप्त बैटरी बैकअप के कारण मौसम खराब होने या बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी रात में प्रकाश बना रहता है।
जामबहार में हाईमास्ट लगने से पहले रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में कठिनाई होती थी। बरसात के मौसम में अंधेरे रास्तों पर सांप-बिच्छू जैसे विषैले जीवों का खतरा भी बना रहता था। अब चौक-चौराहों और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त उजाला रहने से ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। बाजार और स्थानीय दुकानों में शाम के बाद आवश्यक गतिविधियां भी अधिक सहज हुई हैं।
सोलर हाईमास्ट डस्क-टू-डॉन तकनीक से संचालित होता है। सूर्यास्त के साथ लाइट स्वतः चालू और सूर्याेदय के बाद बंद हो जाती है। सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली की बचत होती है और ग्राम पंचायत पर अतिरिक्त बिजली बिल का भार नहीं पड़ता। स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करते हुए ग्रामीणों के दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जामबहार में सोलर हाईमास्ट की सुविधा से गांव की रातें उजली हुई हैं और ग्रामीणों के लिए आवागमन तथा सार्वजनिक गतिविधियों का दायरा अधिक सुविधाजनक बना है।
ग्रामवासियों ने इस जनहितकारी सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के प्रमुख स्थान पर रोशनी मिलने से रात में आने-जाने में सुविधा बढ़ी है और सार्वजनिक स्थल पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक महसूस होते हैं।







