रायपुर /छत्तीसगढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक में संगठन के प्रांतीय ढांचे का विस्तार किया गया है। रायपुर में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेशभर के जनपद पंचायत अध्यक्षों और उपाध्यक्षों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और दायित्वों की रक्षा तथा शासन-प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से रणनीति बनाई गई।
वीरेंद्र साहू को कमान, पुष्पा खुंटे बनीं प्रदेश सचिव
बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया, जिसमें वीरेंद्र साहू को प्रदेश अध्यक्ष और पुष्पा परदेशी खुंटे को प्रदेश सचिव की कमान सौंपी गई है। इसके साथ ही वरिष्ठ राजनेता कवि शरण वर्मा को संगठन का संरक्षक नियुक्त किया गया है, जो आगामी समय में संगठन को मार्गदर्शित करेंगे।
प्रकाश जाखड़ को प्रदेश संगठन में बड़ी जिम्मेदारी
कोरबा जिले के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष और वर्तमान में पौड़ी-उपरोड़ा जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष प्रकाश जाखड़ के लंबे प्रशासनिक व राजनीतिक अनुभव को देखते हुए उन्हें संघ में प्रदेश उपाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। प्रकाश जाखड़ लंबे समय से ग्रामीण विकास और जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को लेकर मुखर रहे हैं। उनकी इस नियुक्ति से कोरबा जिले सहित संपूर्ण प्रदेश के जनपद सदस्यों और पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल है।
कोषाध्यक्ष और प्रवक्ताओं की भी हुई घोषणा
संगठन के वित्तीय संचालन के लिए अनिल अग्रवाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष तथा सीताराम चंद्रा को प्रदेश सह कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं संगठन के नीतिगत विचारों और जनपद पंचायतों के मुद्दों को मीडिया के समक्ष मजबूती से रखने के लिए कीर्ति नायक, अनिल सिंह, तरुण कुमार पांडे, मनोज कुमार अग्रवाल एवं गोपाल शुक्ला को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
इन्हें मिली प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
प्रकाश जाखड़ के साथ ही प्रदेश के विभिन्न अंचलों का संतुलन साधते हुए शारदा सनत देवांगन, ममता राजीव सिंह, मोहित पटेल, हुलसी चंद्राकर, इंद्रानी साहू, संजू गोपाल साहू, मंगलाराम नुरेटी, डॉ. राजेशी त्रिपाठी, जितेंद्र साहू एवं अरविंद गुप्ता को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
जनपद पंचायतों के हित में काम करने का संकल्प
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि संघ का मुख्य उद्देश्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि उनकी व्यावहारिक दिक्कतों और वित्तीय अधिकारों की लड़ाई को शासन स्तर पर मजबूती से लड़ा जा सके। इस नियुक्ति पर पौड़ी-उपरोड़ा और कोरबा जिले के अनेक जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों व ग्रामीणों ने प्रकाश जाखड़ एवं नई कार्यकारिणी को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।







