तखतपुर पुलिस की कार्रवाई: मुखबिर की सूचना पर एनीकट के पास दी दबिश, कुछ आरोपी भागने में रहे सफल
बिलासपुर तखतपुर/अवैध कारोबार, जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तखतपुर पुलिस ने नगोई एनीकट डैम के पास दबिश देकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और फड़ से कुल 2700 रुपये नगद व ताश की गड्डी जब्त की है। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा, आबकारी और माइनर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) व एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना क्षेत्र में लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी बीच 17 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नगोई एनीकट डैम के पास कुछ लोग रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
घेराबंदी कर दबोचा
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई। पुलिस टीम ने जब एनीकट के पास अचानक रेड की, तो वहां जुआरियों में हड़कंप मच गया। पुलिस को आता देख कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में ओमप्रकाश जायसवाल पिता चंदकुमार (निवासी साकेत, मुंगेली), धरम ध्रुव पिता कुमार ध्रुव (निवासी जरेली), रोहित यादव पिता रामचंद्र यादव और रोहित कौशिक पिता श्रवण कौशिक (दोनों निवासी नगोई, तखतपुर) शामिल हैं।
जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 568/2026, धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस सराहनीय कार्रवाई में तखतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, प्रधान आरक्षक रामायण राजपूत, आरक्षक हरीश यादव, राजकुमार, नरेश निराला और त्रिलोक सिंह की मुख्य भूमिका रही।







