कोरबा के पोडीबहार मिडिल स्कूल में नगर निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने ली विशेष क्लास, छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान और शारीरिक संरचना का दिया पाठ
कोरबा। शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भीतर छुपे टैलेंट को निखारने, उनके मन से परीक्षा का डर खत्म करने और नैतिक शिक्षा के माध्यम से उनके चरित्र निर्माण के उद्देश्य से अनूठी मुहिम “सभापति की पाठशाला” चलाई जा रही है। इस मुहिम के तहत शनिवार को शासकीय माध्यमिक शाला पोडीबहार में एक विशेष क्लास का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने खुद शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों की क्लास ली।

सभापति ने खुद बच्चों के बीच बैठकर पूछे सवाल
शनिवार को शासकीय स्कूलों में होने वाले ‘एक्टिविटी डे’ (खेल, कला और सामान्य ज्ञान अभ्यास दिवस) के अवसर पर आयोजित इस पाठशाला में सभापति नूतनसिंह ठाकुर स्वयं कक्षा में बच्चों के साथ बैठे। उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान, मानसिक योग्यता और बौद्धिक ज्ञान से संबंधित कई रोचक सवाल पूछे। इस दौरान पोडीबहार की पार्षद और एमआईसी सदस्य श्रीमती चंद्रकली जायसवाल ने भी बच्चों को छत्तीसगढ़ के सामान्य ज्ञान तथा मानव शरीर की शारीरिक संरचना (एनाटॉमी) के संबंध में विस्तार से पढ़ाया।
दामिनी, स्मृति, आयुश और वेदिका को मिला सम्मान
पाठशाला के दौरान आयोजित बौद्धिक प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। उत्कृष्ट सामान्य ज्ञान और बौद्धिक क्षमता दिखाने के लिए दामिनी सेन, स्मृति एलिना टोप्पो, आयुश खड़िया और वेदिका पटेल को नगर निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर तथा एमआईसी सदस्य श्रीमती चंद्रकली जायसवाल ने शील्ड और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

जनप्रतिनिधियों के जुड़ने से दूर होंगी स्कूल की समस्याएं
सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने बताया कि वे हर महीने शहर के 2-3 शासकीय स्कूलों में पहुंचकर बच्चों से रूबरू होते हैं। इस मुहिम का एक बड़ा फायदा यह भी है कि जनप्रतिनिधियों और शिक्षित नागरिकों के सीधे स्कूल से जुड़ने से वहाँ की स्थानीय और बुनियादी समस्याओं को समझने तथा उन्हें तुरंत दूर करने में मदद मिलती है। अपने बीच शहर के प्रमुख जनप्रतिनिधियों को पाकर बच्चों की खुशियां भी दोगुनी नजर आईं।
यह रहे उपस्थित
इस गरिमामयी और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के अवसर पर श्री शिव कुमार जायसवाल, स्कूल की प्रधानपाठिका श्रीमती स्वर्ण संगिता कुजूर, शिक्षिका सुनिता नामदेव, कृष्णा साहू, सनप सिंह तथा प्रबुद्ध समाजसेवी मनमोहन चंद्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।







